Narendra Modi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Narendra Modi लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 4 अगस्त 2016

दिसंबर 2016 से पहले GST से जुड़ी तकनीकी तैयारियां होंगी मुकम्मल: जेटली

करीब 16 साल के इंतजार के बाद बुधवार को जीएसटी का सपना हकीकत में तब्दील हो गया। राज्यसभा में एक सुर में सभी राजनीतिक दलों ने जीएसटी बिल पर मुहर लगा दी। राज्यसभा से मंजूरी मिलने के बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए ये ऐतिहासिक मौका है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2016 तक जीएसटी से जुड़ी सभी तकनीकी तैयारियां कर ली जाएंगी।

1 अप्रैल 2017 से जीएसटी लागू होने से पहले इस बात को सुनिश्चित किया जाएगा कि व्यवहारिक धरातल पर इसे अमल में उतारने में दिक्कत न पेश आए। वित्त मंत्री ने कहा कि 1 अप्रैल 2017 का डेडलाइन पर जीएसटी लागू करने में व्यवहारिक परेशानियां है लेकिन डेडलाइन का होना बेहतर है। उन्होंने कहा कि जीएसटी पर किसी तरह की गफलत नहीं है।

सोमवार, 1 अगस्त 2016

इस अभिनेत्री ने मोदी के समर्थन में खिंचवाई थी अर्धनग्न फोटो, अब NCP में शामिल

साल 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी के समर्थन में अर्धनग्न फोटो खिंचवा कर चर्चा में आई अभिनेत्री मेघना पटेल एनसीपी में शामिल हो गई हैं।
एक वेबसाइट में छपी खबर के मुताबिक रविवार को वडोदरा पहुंचे एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल की मौजूदगी में मेघना पटेल ने पार्टी की सदस्यता ली। इस मौके पर प्रफुल्ल पटेल ने कहा 'अभिनेत्री मेघना का एनसीपी में स्वागत है। मेघना ने कई फिल्मों में अभिनय कर दर्शकों का दिल जीता है। उनके शामिल होने के बाद एनसीपी और मजबूत होगी।'
वहीं गुजरात एनसीपी के अध्यक्ष जयंत पटेल ने कहा 'मेघना ने पहले मोदी के समर्थन में प्रचार किया था लेकिन, अब वो एनसीपी में शामिल हो गई है। जिसमें कुछ भी गलत नहीं है।'

शुक्रवार, 29 जुलाई 2016

15 अगस्त को पीएम मोदी की जान पर सबसे ज्यादा खतरा : खुफिया रिपोर्ट

इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पीएम मोदी की जान को सबसे ज्यादा खतरा है। खुफिया रिपोर्ट में ये दावा किया गया है कि 15 अगस्त के मौके पर आतंकी संगठन किसी भी हद तक जा सकते हैं। इस सिलसिले में खुफिया एजेंसियों ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को विस्तार से जानकारी दी है।15 अगस्त के दिन एसपीजी, एनएसजी समेत दूसरी एजेंसियों को सतर्क रहने के खास निर्देश दिए गए हैं।
खुफिया एजेंसियों की तरफ से भाषण के दौरान पीएम के मंच को बुलेटप्रूफ छतरी से ढंकने का सुझाव दिये हैं। पिछले साल और उससे पहले भी इस तरह की व्यवस्था की गयी थी। लेकिन पीएम मोदी ने ऐन वक्त पर खुले मंच से भाषण देने की इच्छा जतायी थी। पीएम की मंशा की ख्याल करते हुये बुलेटप्रूफ सुरक्षा कवच को हटा भी लिया गया था। लेकिन पीएम की सुरक्षा के लिए लाल किले के कुछ महत्वपूर्ण जगहों पर सुरक्षा दस्तों से जुड़े लोगों की तैनाती की गयी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

राहुल के अरहर मोदी बयान को जेटली ने नकारा, कहा-विरासत में मिली थी महंगाई

सियासत की भाषा करीब-करीब एक जैसी होती है। फर्क सिर्फ मौके का होता है। विपक्ष में रहते हुए राजनीतिक दल जिस अंदाज में सरकार पर हमला करते हैं। सत्ता पक्ष उस अंदाज में आक्रामक नहीं हो पाता है। लेकिन गुरुवार को लोकसभा में नजारा कुछ और था। नियम 193 के तहत महंगाई पर कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी ने चर्चा की शुरुआत की.और एनडीए सरकार खासतौर से पीएम मोदी पर जमकर बयानों के तीर चलाए। उन्होंने कहा कि अब हर-हर मोदी घर- घर मोदी की जगह अरहर मोदी की चर्चा हो रही है। लेकिन वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सधे अंदाज में कहा कि आप लोगों से विरासत में कुछ अच्छी चीज तो मिली नहीं। आपके कुशासन का परिणाम महंगाई थी जो हमें विरासत में मिली है।
राहुल गांधी ने क्या कहा था ?
मानसून सत्र के दौरान आज कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। इसके साथ ही उन्होंने सरकार के स्वच्छ भारत मिशन, मेक इन इंडिया और कनेक्ट इंडिया पर भी जमकर करारा वार किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले एनडीए सरकार का हैप्पी बर्थ डे मनाने वाली सरकार महंगाई जैसे मुद्दे को कहीं पीछे छाेड़ दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाक के नीचे दालों की चोरी हो रही है, लेकिन पीएम इस पर कुछ नहीं बोलते हैं।

मंगलवार, 26 जुलाई 2016

भाजपा संसदीय दल की बैठक, संसद के मानसून सत्र पर हुई चर्चा

संसद के मानसून सत्र की रणनीति को लेकर आज भाजपा संसदीय दल की बैठक हुई। बैठक में वस्तु एवं सेवा (जीएसटी) बिल के अलावा कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, लाल कृष्ण आडवाणी समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे।

जीएसटी बिल आम सहमति की कोशिश
जीएसटी बिल पर केंद्र सरकार आम सहमति बनाने की पुरजोर कोशिश कर रही है। लेकिन कांग्रेस के बदलते रुख की वजह से इस बिल पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। आज वित्त मंत्री अरुण जेटली इस पर संशोधनों के लिए सभी राज्यों के वित्त मंत्रियों से मिलने वाले हैं। लेकिन, कांग्रेस ने सोमवार को सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार जीएसटी पर आम सहमति बनाने और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व पर हमला करने का काम एक साथ कर रही है।

शिवपाल यादव के दामाद के बहाने केजरीवाल ने किया PM मोदी पर हमला

उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव के IAS दामाद को डेप्युटेशन पर एक राज्य से दूसरे राज्य में लाने के मुद्दे पर अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, 'प्रिय प्रधानमंत्री, हर मुख्यमंत्री को दो निजी स्टाफ रखने का अधिकार है, लेकिन आप मुझे संजीव चतुर्वेदी को बतौर ओएसडी नियुक्त करने से रोक रहे हैं।'
उन्होंने ट्वीट में आगे लिखा है, 'मेरे साथ तो आपका ऐसा व्यवहार है, लेकिन दूसरों के लिए आप कानून तोड़ रहे हैं।' इस ट्वीट को नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला माना जा रहा है।
यहां पर बता दें कि शिवपाल यादव के आइएएस दामाद को डेप्युटेशन पर एक राज्य से दूसरे राज्य में लाने के लिए प्रधानमंत्री की नियुक्ति कमेटी ने अपने ही कार्मिक मंत्रालय के तीन-तीन बार की गई आपत्तियों को अनदेखा किया। एक निजी न्यूज चैनल के पास इसके दस्तावेज भी हैं।

शुक्रवार, 22 जुलाई 2016

'हेड कॉन्सटेबल' की परीक्षा के लिए पीएम मोदी को जारी हुआ एडमिट कार्ड

प्रधानमंत्री बने हुए पीएम मोदी को दो साल पूरे हो चुके हैं। शायद ही कोई दिन जाता हो जब पीएम मोदी से जुड़ी खबर या उनकी तस्वीर टीवी या अखबारों में ना आती हो। देश का बच्चा बच्चा पीएम मोदी के नाम से वाकिफ है लेकिन क्या आप विश्वास कर सकते हैं कि सीआरपीएफ पीएम मोदी को नहीं जानती? मानना मुश्किल है लेकिन हाल ही में हुई घटना को देखकर ऐसा ही लगता है कि सीआरपीएफ को पीएम मोदी के बारे में कुछ पता ही नहीं है इसलिए उन्होंने पीएम मोदी के नाम से हेड कॉन्सटेबल के लिए लिखित परीक्षा के लिए रोल नंबर जारी कर दिया है।

सीआरपीएफ की वेबसाइट पर पीएम का एडमिट कार्ड भी उपलब्ध है जिसका नंबर 005615 है और इसपर रोल नंबर 2430026090 भी दर्ज है। इस एडमिट कार्ड को सीआरपीएफ के रामपुर सेंटर में 15 जुलाई को हेड कॉन्सटेबल के लिए लिखित परीक्षा के लिए जारी किया गया है। इस एडमिट कार्ड पर पीएम मोदी का स्कैन किया हुआ फोटो भी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गोरखपुर में किया एम्स का शिलान्यास

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गोरखपुर में पूर्वी उत्तर प्रदेश को एम्स के रूप में एक संजीवनी दी है। उन्होंने गोरखपुर में फर्टीलाइजर कारखाना प्रांगण में एम्स का शिलान्यास किया।
इसके बाद वह इसी मैदान के प्रांगण में एक रैली को भी संबोधित करने मंच पर पहुंचे। मंच से उन्होंने भारी भीड़ का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। इस दौरान रैली स्थल पीएम मोदी के जयकारे से गूंज उठा है।
देश के कई संत परोपकार के काम में जुटे : पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गोरखपुर में श्री गोरक्षनाथ मंदिर में महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने देश के संतों की महत्ता पर प्रकाश डाला। प्रधानमंत्री मोदी ने ब्रह्मलीन महंत की स्मृतियों को नमन किया।

मंगलवार, 5 जुलाई 2016

साइकिल से संसद जाने वाले अर्जुन राम मेघवाल केंद्र में बने मंत्री

साल 2014 में पहली बार लोकसभा चुनकर आए अर्जुन राम मेघवाल संसद मे अपने बेहतरीन काम के लिए जाने जाते हैं। मेघवाल समय-समय पर राजस्थान के मुद्दों के केंद्र सरकार और संसद में उठाते रहे हैं। इन मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने और उन पर काम करने में माहिर मेघवाल इसीलिए देशभर के सांसदों के बीच खासे चर्चा में रहते हैं। बेहतरीन कार्यों के लिए उन्हें हाल ही चेन्नई के आई.आई.टी. सभागार में सांसद महारत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मेघवाल भाजपा के चीफ व्हीप हैं, साथ ही साथ बेहतर वक्ता और पढ़े-लिखे नेता माने जाते हैं। बीते दिनों उन्होंने पेट्रोल बचाने की मुहिम को छेड़ा था। जिसके लिए वो कई बार अपनी साइकिल से संसद जाते हैं। मेघवाल राजस्थान हाईकोर्ट के सीनियर एडवोकेट रह चुके हैं।

बुधवार, 29 जून 2016

पीएम के पब्लिसिटी कमेंट पर सुब्रमण्यम स्वामी ने परोक्ष तौर पर साधा निशाना

एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में पीएम ने आरबीआई गवर्नर के मुद्दे पर अपना रुख साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि महज पब्लिसिटी पाने के लिए संवैधानिक व्यवस्थाओं पर सवाल नहीं खड़ा करना चाहिए। बिना किसी का नाम लिए पीएम ने कहा था कि कोई शख्स हो या कोई दल संस्थाओं के ऊपर बयान देते वक्त संयम बरतना चाहिए। पीएम के इस साक्षात्कार को राजनीतिक हल्कों में स्वामी को नसीहत देने के रूप में देखा गया। लेकिन आज सुब्रमण्यम स्वामी ने ट्वीट कर बिना नाम लिए पीएम पर परोक्ष तौर पर निशाना साधा।

2019 में भी नरेंद्र मोदी को पराजित करना होगा मुश्किलः उमर अब्दुल्ला

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि पीएम मोदी के चुनावी रथ को 2019 में भी हराना मुश्किल रहेगा। अंग्रेजी अखबार 'द टेलीग्राफ' को दिए एक इंटरव्यू के दौरान उमर अब्दुल्ला ने कहा, "लोग एक विकल्प चाहते हैं, लेकिन हम उन्हें यह विकल्प नहीं दे पा रहे हैं।"
कांग्रेस के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस को एक सख्त सर्जरी की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, "मोदी मुकाबला करने के लिए हर स्तर पर मुकाबला करना होगा। मोदी को हराना आसान नहीं है। उन्होंने कहा कि आपको एक दिन जगना होगा और निर्णय करना होगा कि उन्हें हराना है। मोदी को हराने के लिए बहुत प्लानिंग करनी होगी जो अभी दिख नहीं है।"

मंगलवार, 21 जून 2016

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चाहते हैं ये लड़की एक दिन देश का गौरव बने

पुणे के हदप्सर बस डिपो की दो लाईन पार करने के बाद रायगढ़ कॉलोनी आती है जहां पर एक छह साल की लड़की अपने पिता, चाचा और दादी मां के साथ रहती है। वैशाली नाम की इस बच्ची को जब से प्रधानमंत्री मोदी के हाथों से लिखा खत मिला है उसकी खुशी के ठिकाने नहीं है।

टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक दरअसल, वैशाली नाम की इस बच्ची का प्रधानमंत्री कार्यालय की मदद से बेहद गंभीर हार्ट आपरेशन हुआ है, जो खुद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों लिखे खत को पाकर बेहद अचंभित है। वैशाली ने पहला खत प्रधानमंत्री के नाम लिख उनसे मदद मांगी थी ताकि उनका ये ऑपरेशन सफलतापूर्वक हो। उसके बाद उसने दूसरा पत्र मोदी सरकार के नाम से थैंक्स के लिए लिखा था।

NSG पर भारत के साथ खेल रहा है चीन, कहा पाक को भी करो शामिल

चीन फिर एक बार एनएसजी के मुद्दे को लेकर भारत के साथ खेल खेल रहा है। मंगलवार को चीन के एक अखबार ने कहा कि इतिहास में पाकिस्तान सरकार ने कभी परमाणु प्रसार का समर्थन नहीं किया और ना ही वैज्ञानिक एक्यू खान को समर्थन दिया है इसलिए एनएसजी के मुद्दे पर जो छूट भारत को दी जाने की बात हो रही है वो पाकिस्तान को भी मिलनी चाहिए।
चीन में छपने वाले ग्लोबल टाइम्स ने अपनी खबर में कहा कि पाकिस्तान को उसके खराब रिकार्ड की वजह से एनएसजी ग्रुप में शामिल नहीं किया जा रहा जबकि न्यूक्लियर प्रसार कार्यक्रम में पाकिस्तान सरकार का कोई हाथ नहीं था बल्कि ये पाकिस्तान के चीफ न्यूक्लियर साइंटिस्ट अब्दुल कादिर खान द्वारा किया गया था।
लेख में आगे लिखा गया है कि सरकार ने अब्दुल कादिर खान को उनकी इस हरकत के लिए कई सालों तक घर में कैद रखा। अब अगर परमाणु अप्रसार संधि और एनएसजी की सदस्यता में भारत को छूट दी जाती है तो ये पाकिस्तान को भी मिलनी चाहिए।

शुक्रवार, 17 जून 2016

मोदी से मिले थाईलैंड के पीएम प्रयुत चान, आपसी संबंध बढ़ाने पर जोर

तीन दिवासीय यात्रा पर आए थाईलैंड के प्रधानमंत्री प्रयुत चान-आ-चा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र की मुलाकात हुई। ऐसा माना जा रहा है कि इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध बढ़ाने पर जोर दिया गया है। दोनों प्रधानमंत्री की इस अहम मुलाकात में विवादास्पद दक्षिण चीन सागर मुद्दा के उठने की भी उम्मीद जताई जा रही थी।
पीएम मोदी के साथ प्रयुत चान-ओ-चा की इस मुलाकात में समुद्री सुरक्षा सहयोग, आतंकवाद की चुनौतियों से मुकाबला और आपसी व्यापार को बढ़ाने मुख्य मुद्दा था।

गुरुवार, 16 जून 2016

PM ने किया 2 दिवसीय 'राजस्व ज्ञान संगम' का उद्धाटन, जानें- MTD की खासियत

देश भर में कर से जुड़े विभाग सीबीडीटी और सीबीईसी के करीब 250 से ज्यादा अधिकारी इस ज्ञान संगम में हिस्सा ले रहे हैं। इस दो दिवसीय सालाना सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष कर विभाग के शीर्ष अधिकारियों के साथ इन क्षेत्रों से संबंधित महत्वपूर्ण नीतिगत विषयों और नये सुझावों पर संवाद करेंगे। इस दौरान पीएम वैश्विक अर्थव्यवस्था में तेजी से आये बदलाव के मद्देनजर करदाता अनुकूल सेवा में उच्च मानकों को प्राप्त करने के लिये राजस्व अधिकारियों को प्रोत्साहित कर सकते हैं। साथ ही इस परिदृश्य में इन विभागों के समक्ष कुछ चुनौतियों का समाधान करेंगे।
सालाना सम्मेलन को पहली बार राजस्व ज्ञान-संगम नाम दिया गया है।यह पहला मौका है जब दोनों राजस्व बोर्ड सम्मेलन एक साथ कर रहे हैं। अबतक वे अलग-अलग सम्मेलन करते रहे हैं और इन सम्मेलनों में मुख्य अतिथि वित्त मंत्री हुआ करते थे।
इस सम्मेलन में भाग लेने वालों को 'मोदी टैक्स ड्रॉक्ट्रिन (एमटीडी)' के बारे में जानने को मिलेगा जिस पर अभी तक सरकार किसी का ध्यान नहीं गया है, विशेषकर सरकार के काम काज पर नजर रखने वालों का ध्यान इस पर नहीं गया है।

बुधवार, 15 जून 2016

प्रधानमंत्री ने दी भाजपा कार्यकर्ताओं को 7 'S' पर काम करने की नसीहत

2019 के आम चुनावों में काफी वक्त हैं। लेकिन हाल ही में इलाहाबाद में आयोजित भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पीएम मोदी ने अपने इरादे जता दिए। उन्होंने कहा कि जनता ने जिन उम्मीदों के साथ भरोसा जताया है। उसे पूरा करने के लिए हमें अपनी जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए। हम अपने कार्यक्रमों की कामयाबी पर जश्न मना सकते हैं। लेकिन इस एहसास के साथ सबको आगे बढ़ना होगा कि सफलता की कारवां पर हमारी नासमझी कहीं ब्रेक न लगा दे। जनता की उम्मीदें जितनी ज्यादा होती है। सत्ता पक्ष के लिए जिम्मेदारी उतनी ही बढ़ जाती है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि आज हम जबरदस्त कामयाबी की तरफ बढ़ रहे हैं। ऐसे में बहुत सतर्क रहने की जरुरत है। कार्यकारिणी की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कामयाबी के 7 'एस' का मंत्र भी दिए।

मंगलवार, 7 जून 2016

जानें, यूपी जीतने के लिए भाजपा किस रणनीति पर कर रही है काम

देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में करीब 9 महीने की देरी है। लेकिन उत्तर प्रदेश की चुनावी जमीन पर रणनीतिक बिसात बिछाए जा रहे हैं। सहारनपुर में विकास पर्व की रैली के साथ ही भाजपा ने चुनावी आगाज का शंखनाद कर दिया है। भाजपा के रणनीतिकारों को यकीन है कि सवर्ण-दलित समाज के गठजोड़ से वो प्रदेश की सत्ता पर काबिज हो सकते हैं।
यूपी की राजनीति में भाजपा एक दशक से गायब
राजनाथ सिंह की प्रदेश की सत्ता से रुखसती के बाद भाजपा करीब एक दशक से राज्य की चुनावी तस्वीरों से गायब है। लेकिन 2014 के आम चुनावों में अप्रत्याशित कामयाबी के बाद पार्टी को ये लगने लगा है कि वो उत्तर प्रदेश की दो ध्रुवीय राजनीति में सेंध लगाकर अपनी जगह बना सकती है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक पार्टी को लगता है कि मौजूदा समाजवादी पार्टी सरकार के खिलाफ जनता में रोष है। इसका फायदा बसपा को स्वाभाविक रूप से मिल सकता है। लिहाजा उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज होने के लिए दलित समाज में अपनी पैठ बढ़ानी होगी। उत्तर प्रदेश में दलित समाज करीब 23 फीसद है। दलित समुदाय का एक बड़ा हिस्से में जाटव हैं। जिसका झुकाव स्वाभाविक तौर पर बसपा के साथ है। ऐसे में दलित समाज के बचे हुए हिस्से को अपने पाले में लाने के लिए भाजपा काम कर सकती है।

सोमवार, 6 जून 2016

स्विट्जरलैंड ने किया NSG में भारत के समर्थन का वादा, मोदी ने कहा शुक्रिया

अपनी पांच देशों की यात्रा के तीसरे पड़ाव के तहत आज स्विट्जरलैंड पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां द्विपक्षीय एवं बहुपक्षीय सहयोग को गहरा करने के लिए स्विस राष्ट्रपति योहान शींडर अम्मान के साथ बैठक की। बैठक के बाद स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति अम्मान ने कहा कि हम NSG में सदस्यता हासिल करने के लिए भारत की मदद करेंगे। अम्मान के इस बयान के बाद पीएम मोदी ने कहा कि, मैं एनएसजी पर समर्थन देने के लिए राष्ट्रपति का धन्यवाद अदा करता हूं।उन्होंने कहा कि बैठक के दौरान काले धन के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। पीएम ने भारत और स्विट्जरलैंड के मजबूत संबंधों का उल्लेख करते हुए मार्टिना हिंगिस की सानिया मिर्जा और महेश भूपति से जोड़ी का जिक्र भी किया।

इससे पहले दोनों नेताओं के बीच हुई बैठक के दौरान दोनों देशों के आपसी हित के मुद्दों पर बात की गई। दविपक्षीय वार्ता के बाद राष्ट्रपति अम्मान और प्रधानमंत्री मोदी के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई जिसमें भारत के विदेश सचिव एस. जयशंकर और एनएसए अजीत डोभाल सहित दोनों पक्षों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के बाद पीएम मोदी ने वहां के शीर्ष कारोबारियों से भी मुलाकात की।

सोमवार, 30 मई 2016

सहारा जैसा न हो फ्रॉड, पीएम चाहते हैं बने नया कानून

आम निवेशकों की गाढ़ी कमाई को सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार तैयारी कर रही है। सहारा जैसे फ्रॉड करने वाली कंपनियों पर लगाम लगाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी नया कानून चाहते हैं। वित्त मंत्रालय की स्थायी संसदीय समिति के सदस्य निशिकांत दुबे का कहना है कि सरकार का मकसद है कि सहारा जैसी दूसरी निवेश कंपनियां निवेशकों के साथ धोखाधड़ी न कर सकें।
संसद के मॉनसून सत्र मेें इस मामले में नया बिल लाया जा सकता है। अभी एक से ज्यादा राज्यों में क्रेडिट को-ऑपरेटिव समितियां कमजोर कानूनों के दायरे में हैं। मौजूदा कानूनों को अमली जामा पहनाने के लिए महज 10 लोगों का स्टाफ काम करता है।
नाम न बताने की शर्त पर एक अधिकारी ने बताया कि मॉनिटरिंग एजेंसी के पास संसाधनों का अभाव है। इसके अलावा बड़े पैमाने पर फ्रॉड कंपनियों से फायदा पाने वाले राजनीतिज्ञ भी दबाव बनाते है। भारत के पास पोंजी स्कीम और पिरामिड स्कीम पर लगाम लगाने के लिए एकीकृत व्यवस्था नहीं है। जांच में ये पता चला है कि अब तक भारत में 6 करोड़ से ज्यादा निवेशक 67, 339 करोड़ गंवा चुके हैं।

शुक्रवार, 27 मई 2016

हमने दी भ्रष्टाचार मुक्त सरकार, 15 दिन चलेगा 'विकास पर्व' कार्यक्रम: अमित शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने केंद्र सरकार के दो साल पूरा होने पर आज मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि हमने भ्रष्टाचार मुक्त सरकार दी है। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार अपनी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए 'विकास पर्व' के नाम से एक कार्यक्रम चला रही है जिसके लिए 30 टीमें बनाई गईं हैं।

उन्होंने बताया कि 15 दिनों तक विकास पर्व मनाया जाएगा और इसके तहत 200 जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी सांसद और विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में एक-एक रात गुजारेंगे और सरकार द्वारा चलाए गए कार्यक्रमों के बारे में जनता को अवगत कराएंगे।

उन्होंने कहा, 'दो साल में हमारी सरकार ने जो कुछ किया है उसके आधार पर पार्टी अध्यक्ष होने के नाते मुझे यह कहने में झिझक नहीं है कि देश को एक बेहतरीन सरकार मिली है।' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी सरकार ने जनधन योजना, मुद्रा योजना, उज्जवला योजना, कौशल विकास योजना के जरिए देश के गरीब परिवारों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।