राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देकर सोमवार से सुर्खियों में छाए नवजोत सिंह सिद्धू की आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बनने संबंधी चर्चाओं पर आप द्वारा कोई स्पष्ट संकेत न देने से सिद्धू की रणनीति कमजोर पडऩे लगी है। सिद्धू के इस्तीफे के बाद से ही उन्हें हाथों-हाथ लेते हुए आप में स्वागत के बयान तो पंजाब के कई प्रमुख आप नेताओं ने दिए मगर मुख्यमंत्री पद पर उनकी दावेदारी के कयास किसी को रास नहीं आए।
इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल द्वारा भी फिलहाल इस पर कोई टिप्पणी न करने से यह अटकलें अब ठंडी पडऩे लगी हैं।
सूत्रों के मुताबिक संगरूर से लोकसभा सदस्य भगवंत मान और प्रदेश कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर अब तक खुद को मुख्यमंत्री पद का सबसे प्रबल दावेदार मान कर चल रहे हैं और यही वजह है कि दोनों नेताओं ने पिछले दो साल से पार्टी के प्रचार-प्रसार में दिन-रात एक किया हुआ है।
इस बीच लुधियाना से लोकसभा चुनाव हार चुके एडवोकेट एचएस फुलका का नाम भी मुख्यमंत्री पद के दावेदारों में आगे बढ़ा था। इनमें से भगवंत मान का तो फेसबुक पेज भी उनके समर्थकों ने बनाया हुआ है जिसमें उन्हें पंजाब के सीएम कैंडीडेट के तौर पर दिखाया गया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें