भारत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
भारत लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 24 मार्च 2015

भारत-चीन वार्ता: पीएम मोदी से मिले यांग जेची

सीमा मुद्दे पर बात करने आया चीन का प्रतिनिधिमंडल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिला। चीन के स्टेट काउंसलर यांग जेची ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। भारत-चीन के बीच 18वें दौर की सीमा वार्ता सोमवार को शुरू हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई सरकार बनने के बाद से सीमा संबंधी मसलों को लेकर भारत-चीन के बीच इस तरह की यह पहली बैठक आयोजित हुई है।

भारत और चीन ने सीमा पर शांति बनाए रखने की इच्छा जताई है। सीमा संबंधी विवाद का हल खोजने को लेकर सोमवार से शुरू 18वें दौर की वार्ता में इस आशय की सहमति बनी है। वार्ता का आज दूसरा दिन है।

वार्ता के पहले दिन दोनों देश इस बात पर सहमत हुए कि सीमा संबंधी मसले सुलझने से पहले, इन विवादों का 'उचित तरीके से प्रबंधन और नियंत्रण' किया जाए। सीमा पर हर हाल में शांति बनाए रखा जाए। द्विपक्षीय बातचीत में बनी इस सहमति के संबंध में भारत की ओर से फिलहाल कोई बयान नहीं दिया गया है, लेकिन चीन की आधिकारिक मीडिया शिन्हुआ के जरिये यह जानकारी दी गई है।

सोमवार, 16 मार्च 2015

'सांवली महिलाओं' पर की गई टिप्‍पणी पर माफी नहीं मांगेंगे शरद!

राज्यसभा में आज जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव की 'सांवली महिलाओं' पर की गई टिप्पणी को लेकर काफी हंगामा हुआ। भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने शरद यादव से अपनी टिप्पणी पर माफी मांगने के लिए कहा। लेकिन शरद यादव ने कहा कि वह इस विषय पर बहस करने के लिए तैयार हैं, पर माफी नहीं मांगेंगे।

स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं शरद यादव जी से निवेदन करती हूं कि वह महिलाओं के रंग को लेकर ऐसी अभद्र टिप्पणी कृपया न करें। इससे बहुत गलत संदेश जाता है। मुझे लगता है कि इस टिप्पणी के लिए शरद यादव को माफी मांगनी चाहिए।

सदन में स्मृति ईरानी द्वारा मुद्दा उठाने पर शरद यादव बोले, 'मैंने क्या कहा था...'सांवली' महिलाओं की संख्या भारत में बहुत है। विश्व में सबसे ज्यादा सांवली महिलाएं भारत में ही हैं। मैं अपने बयान पर माफी नहीं मांगूंगा। हां, इस मुद्दे पर मैं किसी से भी बहस के लिए तैयार हूं।'

इसके बाद शरद यादव ने सदन से बाहर आने पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा, 'मैंने कुछ गलत नहीं कहा है, जिसके लिए मैं माफी मांगू। आप बताइए ये गाना क्यों बना है, 'मेरा गोरा रंग ले ले, मोहे श्याम रंग दे दे', क्या यह गलत है।'