सुषमा स्वराज ने लोकसभा में शून्यकाल में सदस्यों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर सदन को इनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी के संबंध में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों को लेकर आश्वस्त किया। उन्होंने बताया कि विदेश राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी के सिंह को सउदी अरब जा रहे हैं। सउदी अरब में बिना भोजन पानी के फंसे दस हजार भारतीय श्रमिकों के संबंध में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने आज भरोसा दिलाया कि सरकार ने इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है तथा सरकार इन भारतीयों को सुरक्षित स्वदेश लाएगी। विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘ सरकार ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है।
परसों इस संबंध में मुझे जानकारी मिली और रियाद स्थित भारतीय दूतावास तथा जेद्दाह स्थित महावाणिज्य दूतावास से संपर्क कर पांच शिविरों में रह रहे इन दस हजार भारतीयों को मुफ्त राशन मुहैया कराने को कहा गया। मैंने दूतावास अधिकारियों से हर घंटे इस मामले की रिपोर्ट देने को कहा।’’ उन्होंने बताया , ‘‘ अंतिम संदेश बीती रात पौने तीन बजे आया कि पांचों शिविरों में पूरा भोजन मुहैया कराया गया है और साथ ही हफ्ते दस दिन का राशन दिया गया है। ’’ विदेश मंत्री ने कहा कि केवल भोजन मुहैया कराने से ही काम खत्म नहीं हो जाता है। ये भारतीय जिन कंपनियों में वहां काम करते थे वे बंद हो चुकी हैं और उनके नियोक्ता सउदी अरब छोड़कर जा चुके हैं।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें