शुक्रवार, 13 मार्च 2015

भारत-श्रीलंका के बीच चार अहम करार, सुलझेगा मछुआरों का मसला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच चार महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूती के लिए पीएम मोदी और श्रीलंकाई राष्ट्रपति मैत्रीपाला सिरीसेना की मौजूदगी में दोनों राष्ट्रों के बीच समुद्री सुरक्षा, वीजा, कस्टम और युवा विकास को लेकर अहम करार हुए। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों के मध्य कारोबार और आर्थिक सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही मछुआरों के मुद्दे पर चिंता जाहिर करते हुए इसे जल्द मानवीय आधार पर सुलझाने की बात भी कही। उधर, श्रीलंका ने भी भारत के साथ रिश्तों को मजबूत की दिशा में आगे बढ़ते हुए 86 भारतीय मछुआरों को रिहा कर दिया। गौरतलब है कि पिछले 28 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

पीएम ने यहां अपने संबोधन में कहा कि भारत श्रीलंका की जरूरतों और चिंताओं को समझता है। लिहाजा, दोनों देश कारोबार और आर्थिक सहयोग को बढ़ाना चाहते हैं। पीएम ने त्रिंकोमाली को पेट्रोलियम हब बनाने में मदद करने, दिल्ली से कोलंबो के बीच जल्द सीधी उड़ान शुरु करने, 14 अप्रैल से श्रीलंकाई नागरिकों को वीजा ऑन अराइवल की सुविधा देने, भारत में बुद्ध सर्किट ट्रेन चलाने, समुद्री अर्थव्यवस्था पर ज्वाइंट फोर्स बनाने, रविंद्रनाथ टैगोर स्मारक बनाने में मदद करने की घोषणा भी की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें